पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ महानगरपालिका ने अब तक का बड़ा अभियान शुरू किया है। शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। खास बात यह है कि इस अभियान को लेकर पुणे के लोगों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई इलाकों में महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम के समर्थन में बैनर लगाए गए हैं। इन बैनरों के जरिए लोग उनके सख्त फैसलों और काम करने के तरीके की सराहना कर रहे हैं।
पुणे महानगरपालिका (PMC) ने स्पष्ट कर दिया है कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान अगले दो महीनों तक लगातार जारी रहेगा। इसमें रविवार, सार्वजनिक छुट्टियों और त्योहारों के दिन भी कोई रुकावट नहीं आएगी। प्रशासन का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना और पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
नवल किशोर राम के समर्थन में लगे बैनर
अतिक्रमण के खिलाफ महानगरपालिका की सख्ती के बीच आयुक्त नवल किशोर राम को शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों का समर्थन मिल रहा है। कई चौराहों और उपनगरों में उनके समर्थन में बैनर लगाए गए हैं। इन पर उन्हें पुणे को अपना घर समझकर काम करने वाला और निस्वार्थ भाव से शहर की बेहतरी के लिए प्रयास करने वाला अधिकारी बताया गया है।
बैनरों पर लिखे संदेशों में उन्हें 'पुणे का अपना कमिश्नर' भी कहा गया है। इससे साफ है कि शहर के कई नागरिक इस अभियान को सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम मान रहे हैं।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के बाहरी दबाव को स्वीकार न किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई प्रभावशाली व्यक्ति या नेता अतिक्रमण हटाने के काम में बाधा डालता है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जा सकता है।
पांचवें दिन भी जारी रही बुलडोजर कार्रवाई
महानगरपालिका की टीम ने लगातार पांचवें दिन भी शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई जारी रखी। डेक्कन, एफसी रोड, जेएम रोड, गोखले रोड, लक्ष्मी रोड, हॉन्गकॉन्ग लेन, शनिवारवाड़ा और दगडूशेठ इलाके में अवैध निर्माण हटाए गए।
इस दौरान फुटपाथों पर बने अस्थायी शेड, दुकानों के बाहर निकाले गए हिस्से, स्टॉल, साइनबोर्ड और अन्य अवैध ढांचे हटाए गए। इसके अलावा सिंहगढ़ रोड, औंध, बाणेर, बालेवाड़ी हाई स्ट्रीट, वाघोली, वानवडी, बिबवेवाड़ी और अपर इंदिरानगर में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
हडपसर-मुंडवा इलाके में 61 अवैध दुकानों को हटाया गया। वहीं, कौसरबाग में रात के समय कार्रवाई करते हुए सात अवैध होर्डिंग्स भी ध्वस्त किए गए। प्रशासन अब इमारतों के सामने की खाली जगह पर बनाए गए अवैध चबूतरों, रेलिंग, बैरिकेड्स और कैनोपी को भी हटाने में जुटा है।
दो दिनों में 3 लाख वर्ग फुट से ज्यादा जगह खाली
महानगरपालिका की कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि अभियान के शुरुआती दिनों में ही बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाया गया है। 21 नवंबर को पांच क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 99,087 वर्ग फुट से अधिक जगह अतिक्रमण मुक्त कराई गई। इस कार्रवाई में 27 स्टॉल, 29 पथारियां और 128 शेड हटाए गए।
इसके अगले दिन यानी 22 नवंबर को वाघोली, हडपसर, वानवडी और बिबवेवाड़ी सहित कई इलाकों में लगभग दो लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई। इस तरह दो दिनों में करीब तीन लाख वर्ग फुट से अधिक सार्वजनिक जगह को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
व्यापारियों ने जताया विरोध, प्रशासन की दो टूक चेतावनी
हालांकि, अभियान के दौरान कुछ जगहों पर विरोध भी देखने को मिला। लक्ष्मी रोड पर कुछ व्यापारियों ने बिना पूर्व सूचना दिए कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया। विरोध के बाद वहां कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी।
इसके बावजूद महानगरपालिका प्रशासन अपने फैसले पर कायम है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां दोबारा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने और कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है।
फिलहाल पुणे में अगले दो महीनों तक चलने वाला यह अभियान शहर की व्यवस्था सुधारने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती से फुटपाथों पर पैदल चलने वालों को कितनी राहत मिलती है और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में कितना सुधार आता है।
Add GTC Bharat on Google