बर्मिंघम, यूके: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला T-20 विश्व कप में नया इतिहास रचते हुए पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया है। अब वह महिला T-20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। हरमनप्रीत ने यह उपलब्धि बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए भारत के टूर्नामेंट के पहले मुकाबले के दौरान हासिल की।
हरमनप्रीत ने यह रिकॉर्ड 40 मैचों की 34 पारियों में बनाया। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को पीछे छोड़ते हुए महिला T-20 विश्व कप इतिहास की नौवीं सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज का स्थान भी हासिल कर लिया।
भारत के लिए T-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन
महिला T-20 विश्व कप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में अब हरमनप्रीत कौर शीर्ष पर पहुंच गई हैं।
- हरमनप्रीत कौर – 762 रन
- मिताली राज – 726 रन
- स्मृति मंधाना – 592 रन
- जेमिमा रोड्रिग्स – 408 रन
- पूनम राउत – 375 रन
मुश्किल समय में संभाली भारतीय पारी
भारत की शुरुआत खराब रही और टीम 18 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे कठिन समय में हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली और 35 गेंदों पर 36 रन की संयमित पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल थे। इसके बाद उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी।
Harmanpreet Kaur surpasses Mithali Raj to become India's highest run-scorer in Women's T20 World Cup history. 🇮🇳🔥#HarmanpreetKaur pic.twitter.com/xyNMx4rH2o
— CricTracker (@Cricketracker) June 14, 2026
भारत ने बनाए 170 रन
हरमनप्रीत की उपयोगी पारी, स्मृति मंधाना के शानदार अर्धशतक और अंत में ऋचा घोष की तेज बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। सादिया इकबाल ने भी दो सफलताएं हासिल कीं, जबकि रमीन शमीम और तस्मिया रुबाब को एक-एक विकेट मिला। अब पाकिस्तान को मैच जीतने और अपने विश्व कप अभियान की विजयी शुरुआत करने के लिए 171 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।
Add GTC Bharat on Google