चेन्नई, तमिलनाडु: वियतनाम में हुई दर्दनाक स्पीडबोट दुर्घटना में जान गंवाने वाले भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर मंगलवार को चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। यहां शोकपूर्ण माहौल में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया गया। दुर्घटना में जीवित बचे पलानी निवासी निर्मल कुमार भी चेन्नई पहुंचे। उन्होंने 11 जुलाई को हुए हादसे से पहले के भयावह पलों को याद करते हुए बताया कि नाव अचानक पलट गई थी।

निर्मल कुमार ने कहा, "जब हम एक द्वीप से दूसरे द्वीप जा रहे थे, तभी नाव पलट गई। नाव के किनारे बैठे लगभग 20 लोग समुद्र में कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। लेकिन नाव के अंदर फंसे 15 लोग तुरंत बाहर नहीं निकल सके क्योंकि नाव बंद हो गई थी।" उन्होंने बताया कि बचाव दल के पहुंचने में हुई करीब 10 मिनट की देरी ने अंदर फंसे लोगों की स्थिति और भी गंभीर बना दी। उन्होंने बताया, "रेस्क्यू टीम के आने में लगभग 10 मिनट लग गए। इसलिए जो लोग समुद्र में कूद गए थे, वही बच पाए। भारतीय सरकार और वियतनाम सरकार ने शवों को निकालने और सभी जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग किया।" 

हादसे में वेल्लोर के व्यवसायी सीबी विनय कुमार की भी गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों में वेल्लोर के व्यवसायी सीबी विनय कुमार भी शामिल थे, जो वितरकों के एक सम्मेलन में भाग लेने के लिए वियतनाम गए थे। उनके ससुर ने पार्थिव शरीर प्राप्त करते हुए तमिलनाडु सरकार, केंद्र सरकार और वियतनाम स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा, "सीबी विनय कुमार मेरे दामाद थे। वह एक व्यवसायी थे और वितरकों के सम्मेलन में शामिल होने वियतनाम गए थे। लेकिन द्वीप तक पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। मैं तमिलनाडु सरकार, केंद्र सरकार और वियतनाम में भारतीय वाणिज्य दूतावास की अधिकारी प्रियंका का विशेष धन्यवाद करता हूं। उन्होंने इस पूरे मामले को प्राथमिकता दी और हमें हर पल की जानकारी दी।"

उन्होंने वेल्लोर के विधायक विनोद की भी सराहना की, जिन्होंने संकट के दौरान परिवार का लगातार साथ दिया। उन्होंने कहा, "हम विधायक विनोद के प्रति अपना आभार शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। उन्होंने हर संभव मदद की। पिछले दो-तीन दिनों से वे लगातार हमारे साथ रहे, बार-बार फोन कर हमारा हालचाल लेते रहे और हमारी हर जरूरत में साथ खड़े रहे।"

एयरपोर्ट पर लोगों ने मृतकों की दी श्रद्धांजलि

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक विनोद भी चेन्नई एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एयरपोर्ट पर लोगों ने पुष्पांजलि देकर मृतकों को अंतिम सम्मान दिया। इससे पहले सोमवार को हादसे में मारे गए 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर मुंबई लाए गए थे।

गौरतलब है कि 11 जुलाई को वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास होन मे रुत न्गोई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप के निकट एक पर्यटक स्पीडबोट पलट गई थी। नाव में 32 भारतीय पर्यटक और 4 वियतनामी चालक दल के सदस्य सहित कुल 36 लोग सवार थे। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं।