प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रयागराज में 41वीं अखिल भारतीय इनामी इंदिरा मैराथन और हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस साल प्रतियोगिता में करीब 1,175 से 1,200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। आयोजन में महिलाओं की भागीदारी भी उत्साहजनक रही।

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को तत्कालीन इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुत्री थीं। उनकी जयंती के अवसर पर हर साल आयोजित होने वाली यह मैराथन इस बार अपने 41वें वर्ष में पहुंची।

42 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दो दौड़

प्रयागराज मंडलायुक्त लोकेश एम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में दो प्रमुख श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 42 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन शामिल हैं। अलग-अलग वर्गों के धावकों ने इसमें हिस्सा लिया। उनके अनुसार, हाफ मैराथन में प्रतिभागियों की संख्या अधिक रही।मंडलायुक्त ने बताया कि पिछले 41 वर्षों से इस आयोजन को नियमित रूप से कराया जा रहा है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार के खेल विभाग की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की गई है।

महिलाओं के आग्रह पर फिर शुरू हुई हाफ मैराथन

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि महिला धावकों के समूह ‘प्रयागराज पेसर्स’ के अनुरोध पर इस वर्ष 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को दोबारा शुरू किया गया है। इसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की इनामी राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पूर्ण मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, हाफ मैराथन में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 21 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 11 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा, हाफ मैराथन में तीन सांत्वना पुरस्कार और पूर्ण मैराथन में 10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

धावकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

मैराथन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने बताया कि धावकों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि धावकों के लिए निर्धारित सड़क के हिस्से को यातायात के लिए बंद रखा गया, जबकि वाहनों की आवाजाही डिवाइडर के दूसरी ओर से जारी रही। मार्ग के प्रत्येक चौराहे और मोड़ पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। धावकों के आगे पुलिस वाहन और पीछे एंबुलेंस तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त के मुताबिक, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरी मैराथन की लगातार निगरानी की गई। यह निगरानी प्रतियोगिता समाप्त होने तक जारी रही।