लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने आगरा जिले के बाह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। इसके लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार ग्राम पंचायत उगनपुरा की गाटा संख्या-181 की 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। इसी भूमि पर स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्थापना होगी। खास बात यह है कि इस भूमि हस्तांतरण से राज्य सरकार पर फिलहाल कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। स्टेडियम निर्माण के लिए जरूरी भूमि उपलब्ध हो जाने से परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच:

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम भी रोशन होगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण मिलेगा। निर्माण कार्य से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिलेगा, वहीं प्रशिक्षण पाकर खिलाड़ी भविष्य में रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकेंगे।