गोरखपुर:  कैम्पियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन करने के साथ ही 792 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की स्थिति और उसके बाद आए बदलाव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की डकैती होती थी, जबकि आज प्रदेश में हो रहा विकास पीएम मोदी और कमल चुनाव चिह्न पर जनता के वोट की पहचान है। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ों की खेती के लिए नियमों में संशोधन किया जाएगा।

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में तीव्र विकास और कल्याणकारी योजनाओं का बिना भेदभाव लाभ इसलिए मिल रहा है, क्योंकि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल चुनाव चिह्न पर विश्वास किया। पूर्व की सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल वाले आते थे तो आपकी योजनाओं को खाते भी थे और रात में डकैती भी डालते थे।

सपा शासन में मुख्यमंत्री को पीड़ितों की सुध लेने की फुर्सत नहीं थी:

मुख्यमंत्री ने बदलते गोरखपुर और बदलते उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी। लोग माफिया के नाम से गोरखपुर आना नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि यह वह सीजन होता था, जब इंसेफेलाइटिस से मासूम बच्चे दम तोड़ते थे और उन्हें कोई पूछता नहीं था। समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही, लेकिन एक भी बार उनके मुख्यमंत्री ने इंसेफेलाइटिस या किसी अन्य बीमारी से पीड़ित मासूम को देखने के लिए किसी अस्पताल का दौरा नहीं किया। उन्हें इसके लिए फुर्सत ही नहीं थी।

आवास और राशन की सुविधा हड़प जाते थे सपा के गुंडे:

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार में दलितों, वंचितों, पिछड़ी जाति के लोगों और वनटांगिया समुदाय के लिए कोई योजना नहीं थी। तब आवास की योजना को सपा के छंटे-छंटाए गुंडे हड़प लेते थे। जनता का राशन और खाद्यान्न माफिया के रूप में कोई सपाई गुंडा या कोई कांग्रेसी दलाल हजम कर जाता था। पेंशन की सुविधा दलालों के हवाले थी।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्ष में डबल इंजन की भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव 65 लाख परिवारों को एक-एक आवास की सुविधा दी है। वनटांगिया गांवों में पहले केवल झोपड़ी थी, आज पक्के मकान, स्कूल और आंगनबाड़ी हैं। हर पात्र को पेंशन, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिल रही है। सरकार ने नौजवानों के लिए पीएम मुद्रा योजना और सीएम युवा उद्यमी स्कीम के तहत ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

अब सुविधा देने में 'पिक एंड चूज' नहीं:

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो सबको नौकरी, रोजगार और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलता है। अब 'पिक एंड चूज' यानी दोहरा मापदंड नहीं होता। उन्होंने कहा कि आज खाद्यान्न माफिया रसातल में चले गए हैं, जबकि जब ये हावी थे तो गरीब का राशन खा जाते थे। आज कोई गरीब के राशन, पेंशन और छात्रों की छात्रवृत्ति में सेंध नहीं लगा सकता।

उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसके विवाह तक सरकार सुविधाएं दे रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बेटी की शादी पर प्रदेश सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

कब्रिस्तान नहीं, मंदिरों और महापुरुषों की स्मृतियों पर खर्च हो रहा पैसा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में गरीबों की जमीन कब्जा कर कब्रिस्तान बनाने के लिए पैसा मिलता था, जबकि भाजपा सरकार मंदिरों के कायाकल्प और महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए पैसा दे रही है। उन्होंने कहा कि 4,500 से अधिक स्थानों पर मंदिरों का पुनरुद्धार और सुंदरीकरण कराया जा रहा है। प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि और संत कबीर दास से जुड़े मूर्ति पार्कों के सुंदरीकरण के लिए भी सरकार ने पैसा जारी कर दिया है।

उन्होंने कहा कि सपा के शासन में लेहड़ा माई का मंदिर उपेक्षित था, जिसे अब भव्य बना दिया गया है और वहां लाखों लोग दर्शन करने जाते हैं।

निषादराज और महाराज सुहेलदेव की विरासत को संजोया:

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने निषादराज गुह्य और महाराज सुहेलदेव की विरासत को संजोया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता हजारों वर्ष पहले हुई थी और भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इस मित्रता के प्रतीक को भव्य रूप दिया है। अब श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज की गले मिलती 56 फुट ऊंची प्रतिमा दिखाई देती है। इसी तरह बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि स्मारक इतना भव्य है कि सैफई सिंडिकेट उसके सामने फेल हो जाता है।

उन्होंने कहा कि महाराज सुहेलदेव का स्मारक बनाने की फुर्सत सपा और कांग्रेस को नहीं थी, उन्हें तो गाजी का मेला लगाना था। वे गाजी के अनुयायी हैं, महाराज सुहेलदेव के नहीं। सीएम ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकार के समय श्रृंगवेरपुर में निषादराज के किले वाली जगह पर भी गुलामी का एक चिह्न खड़ा कर दिया गया।

संजय निषाद की हत्या करवाना चाहती थी सपा:

श्रृंगवेरपुर में निषादराज की स्मृतियों को जीवंत करने के लिए निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार सपा इनकी हत्या करवाना चाहती थी। उन्हें जेल में ठूंस दिया गया और सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया गया। सीएम ने कहा, 'तब मैं सांसद था, मैंने आंदोलन कराया, फिर इनकी जमानत करवाई, इनको अस्पताल पहुंचवाया। तब इनसे कहा भी, भाई ये सैफई सिंडिकेट का कोई भरोसा नहीं, कुछ भी कर देगा आपके साथ।'

अगले सत्र से शुरू होंगी फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी की कक्षाएं:

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले सत्र से इस विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। कक्षाएं पहले किसी अन्य स्थान पर चलेंगी और भवन का निर्माण तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। साथ ही तेजी से एडमिशन के साथ फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर, एग्रीकल्चर और अन्य क्षेत्रों में अनुसंधान की गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

शिक्षा, रोजगार और अन्नदाता की समृद्धि का माध्यम बनेगा विश्वविद्यालय:

प्रदेशवासियों को शुक्रवार को पड़ने वाली देवोत्थान एकादशी की अग्रिम बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय को समयानुकूल आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय शिक्षा, रोजगार और अन्नदाता की समृद्धि का माध्यम बनेगा। यहां सिल्वीकल्चर और एग्रोफॉरेस्ट्री की पढ़ाई होगी, बीएससी, एमएससी और पीएचडी की डिग्रियां दी जाएंगी और यहीं से निकले लोग आगे चलकर वन विभाग में अधिकारी बनेंगे।

उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इन अधिकारियों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में प्रशिक्षण का केंद्र भी बनेगा। यहां हॉर्टिकल्चर और टिशू कल्चर के अनुसंधान से किसानों की आय बढ़ाने के लिए केला, आलू, अन्य सब्जियों, आम और आंवला की नई प्रजातियां विकसित होंगी।

अन्नदाता के प्रति अपने निजी लगाव का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि चौक माफी में गोरखनाथ मंदिर ने अपनी 70 एकड़ भूमि भारत सरकार को कृषि विज्ञान केंद्र खोलने के लिए दे रखी है। यह केंद्र किसानों के प्रशिक्षण का बेहतरीन केंद्र बना है, जहां से अच्छे बीज उपलब्ध कराए जाते हैं और अच्छी तकनीक की शिक्षा दी जाती है।

किसानों के लिए नियमों में होगा संशोधन:

सीएम योगी ने कहा कि यदि कोई अन्नदाता किसान फसल के साथ अपने खेत की मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ों की खेती करना चाहता है, तो सरकार बहुत जल्दी नियमों में संशोधन करने जा रही है। बिना किसी हीला-हवाली के किसान को मंजूरी मिलेगी कि वह 10 नए पेड़ लगाए, उनका वेरिफिकेशन कराए और काटने योग्य पुराने पेड़ को काट ले।