गोरखपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी और 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने अयोध्याधाम को लेकर बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रामभक्त हर समय प्रभु श्रीराम का स्मरण करता है, जबकि दुर्जनों के मुंह से अंतिम समय में राम नाम निकलता है।

सपा प्रमुख के प्रस्तावित अयोध्या दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलाई थीं, जय श्रीराम बोलने पर लाठी-डंडे चलाए थे, हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया था, अयोध्याधाम को अपमानित किया था और उसे सुविधाओं से वंचित रखा था, आज उन्हें भी राम नाम याद आ रहा है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने 491 करोड़ रुपये की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी सहित 621.05 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भक्तों को सोते-जागते, उठते-बैठते हर समय श्रीराम याद आते हैं और उन्हें श्रीराम का संरक्षण प्राप्त होता है, लेकिन जब दुर्जनों का अंतिम समय आता है तो उनके मुंह से भी राम नाम निकल पड़ता है, जैसे मारीच के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि मारीच के रूप में जो लोग आ रहे हैं, उन्हें समझने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी गई चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या हमारी आस्था की भूमि है, लेकिन आप नामांकन कीजिए तो मैं भी नामांकन कर लेता हूं। एक बार आमने-सामने हो ही जाए, बेकार में क्यों चिंता कर रहे हैं, क्यों परेशान हैं? उन्होंने कहा कि इनकी आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि कमजोर व्यक्ति आमने-सामने नहीं लड़ता, पीछे से वार करता है। उन्होंने कहा कि इन कायरों की यही स्थिति है।

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जिन्होंने माफिया के बल पर उत्तर प्रदेश को रौंदा, नौजवानों की नौकरी में सेंध लगाई, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाकर उन्हें असुरक्षित किया, अन्नदाता किसानों को भुखमरी के कगार पर पहुंचाया और प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, वे आज किस मुंह से उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहे हैं।

बुधवार को सड़कों पर अराजकता करने वालों को ढूंढ निकालो:

मुख्यमंत्री ने बुधवार को गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान काफिले के वाहन से कुचलकर एक बालक की हुई मौत को निर्मम हत्या करार दिया। मृत बालक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि बेशर्मी की हद यह है कि घटना करने वाले माफिया पोषक, गुंडागर्दी और अराजकता के पोषक मौन रहे और उनके पास संवेदना का एक शब्द नहीं था। उन्होंने कहा कि जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन से कहा गया है कि उन्हें ढूंढ निकाला जाए। उन्हें ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रखें।

गुंडागर्दी और अराजकता की पर्याय है समाजवादी पार्टी:

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है। उन्होंने कहा कि माफिया इनका सगा है और जनता को इन्होंने हमेशा धोखा दिया और उसका शोषण किया। उन्होंने सवाल किया कि 12-13 वर्ष के उस मासूम की गलती क्या थी। आक्रोश जताते हुए उन्होंने कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया तब तक सीधे नहीं हो सकते, जब तक इन्हें डंडे के बल पर सीधा न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार यह काम कर रही है और इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है। इन पर एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है।

अच्छी सड़कें सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए नहीं:

चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता के लिए नहीं, बल्कि आमजन के निर्बाध आवागमन के लिए हैं। अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गईं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आकर अराजकता पैदा करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने फिर से माफियागिरी दिखाने का प्रयास किया तो उस माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि आज बेटी बेखौफ अपने स्कूल-कॉलेज जाती है, क्योंकि उसे विश्वास है कि भाजपा की सरकार उसे सुरक्षा देगी। सरकार ने तय किया है कि किसी बेटी-बहन की सुरक्षा में सेंध लगाने या गरीब की जमीन कब्जा करने वाले के लिए केवल दो ही जगह होंगी, जेल या जहन्नुम। तीसरी कोई जगह नहीं होगी।

2027 में फिर दूर हो जाएगी गलतफहमी और अराजकता की गर्मी:

सीएम योगी ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि जिन लोगों को गलतफहमी है और जिनमें अभी से गर्मी आने लगी है कि अराजकता पैदा करके जबरन जनता का वोट हासिल कर लेंगे, उनकी गर्मी और गलतफहमी एक बार फिर दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जनार्दन उन्हें बार-बार खारिज कर रही है और जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि 2027 का मैदान भी तैयार है और लड़ना है तो चुनावी मैदान में आइए।

चुनाव परिणाम से भाग्यलक्ष्मीपुरम की सौगात देंगे मचल रहे मौलाना को:

मुख्यमंत्री ने सपा, कांग्रेस के साथ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अभी हैदराबाद से एक मौलाना भी आए हुए हैं, जो इस समय बहुत उछल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'चिंता मत करो, जिस दिन उत्तर प्रदेश का परिणाम आएगा, उसी परिणाम के साथ तय हो जाएगा कि हैदराबाद अब भाग्यलक्ष्मीपुरम हो गया है। उन्हें यह सौगात उस समय दे देंगे।'

सपा, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल एक ही थैली के चट्टे-बट्टे:

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें जब भी मौका मिला, इन्होंने प्रदेश में अराजकता फैलाई और विकास के नाम पर लूट-खसोट की। शिक्षा हो या स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर हो या जनकल्याणकारी योजनाएं, इनमें इनकी कोई रुचि नहीं थी। नौजवानों के रोजगार, स्टार्टअप और उन्हें बैंकों से जोड़ने की बात हो, इन्होंने कुछ नहीं किया। परंपरागत उद्यम को बनाए रखने, अन्नदाता किसान को सुविधा देने और बाढ़ से बचाव का कोई उपाय ये नहीं कर पाए।

सीएम ने कहा कि सत्ता में रहने के दौरान इन दलों के नेता गरीब का राशन खा जाते थे, वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन में कटौती करते थे और छात्रों की छात्रवृत्ति हड़प जाते थे। इन्हें न बेटी की सुध थी, न नौजवान की चिंता। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने प्रदेश को लूटा और विदेशों में इतनी बड़ी संपत्ति खड़ी की है कि इनकी कई पुश्तें वहां बैठकर आराम कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें न देश की चिंता थी, न प्रदेश की। ये अराजकता फैलाते थे, गुंडागर्दी करते थे, दंगाइयों के सामने नाक रगड़ते थे और माफिया को अपना शागिर्द बनाते थे।

राष्ट्र सर्वोपरि और सबका संतुष्टिकरण ही डबल इंजन सरकार का भाव:

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार पीएम मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार और जाति से ऊपर उठकर, क्षेत्र और भाषाई मतभेदों से परे, 'राष्ट्र सर्वोपरि' के भाव के साथ सरकार काम कर रही है। योजनाओं का लाभ सबको मिल रहा है, तुष्टिकरण किसी का नहीं और 'सबका संतुष्टिकरण' ही सरकार का भाव है।

विपत्ति पर आंसू नहीं बहाते, समाधान निकालते हैं:

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसी आपदा या विपत्ति पर आंसू नहीं बहाती, बल्कि समाधान का रास्ता निकालती है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से अन्नदाता किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर सरकार मुआवजा देने के लिए खड़ी रही। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं गोरखपुर आकर 500 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया था।

पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित:

सीएम योगी ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का अत्यधिक दोहन होने से अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि जैसी समस्याएं आती हैं, इसलिए सरकार भारतीय संस्कृति के भाव के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषियों और वैदिक परंपरा में 'माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः' का भाव है, यानी धरती हमारी माता है और हम सब इसके पुत्र हैं। इसी भाव के साथ भारतीय एक-एक पेड़ में देवता का वास और एक-एक नदी में देवी का स्वरूप देखता है। उन्होंने कहा कि जब हम नदी को देवी और वन को देवता के रूप में मानते हैं, तो उनकी कटान भी हमें स्वीकार नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के भाव को नई तकनीक से जोड़ने के लिए सरकार ने ऐसा विश्वविद्यालय बनाने का निर्णय लिया, जो नौजवानों के रोजगार की व्यवस्था कर सके, अन्नदाता किसान को अतिरिक्त आमदनी में मदद दे सके, पर्यावरण की रक्षा का उपाय कर सके और हर सुविधा से संपन्न होकर प्रदेश में पर्यावरण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर सके।

वृक्षारोपण के आच्छादन को बढ़ाने में मिली सफलता:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में उल्लेख किया कि 12 जुलाई 2026 का दिन उत्तर प्रदेश के इतिहास के लिए महत्वपूर्ण है। इस एक ही दिन वन विभाग के नेतृत्व में प्रदेश की जनता ने 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्ष में सरकार ने 280 करोड़ पौधे लगाने का कार्यक्रम पूरा कर वृक्षारोपण के आच्छादन को बढ़ाने में सफलता पाई है।

संवेदनशील व्यक्ति को ही प्रकृति की चिंता:

सीएम ने कहा कि प्रकृति की चिंता वही करेगा, जिसके मन में संवेदना हो, अपने देवी-देवताओं के प्रति आस्था हो, अन्नदाता किसान के प्रति संवेदना हो और नौजवान के रोजगार की चिंता हो। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह 2017 से पहले संभव था। उन्होंने कहा कि तब वन माफिया थे, खनन माफिया थे और कैटल माफिया थे।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया भूमि पूजन:

मंचीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन किया। पूजन के बाद उन्होंने वैदिक विधि से विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी और बटन दबाकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शिलान्यास के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के थ्री-डी मॉडल का अवलोकन किया और प्रस्तावित निर्माण कार्य के विभिन्न आयामों की जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी जायजा लिया।

50 हेक्टेयर में विकसित होगा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय:

कैम्पियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्र में 491 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा। इसमें एक प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह और अन्य आधुनिक अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों में स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। यहां से डिग्री पाने वाले विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण दिया जाना भी प्रस्तावित है।

621.05 करोड़ की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास, 171.13 करोड़ की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण:

मुख्यमंत्री ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय सहित 621.05 करोड़ रुपये की कुल 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। शिलान्यास की अन्य प्रमुख परियोजनाओं में 54.52 करोड़ रुपये की लागत से रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के किमी 18.20 के कलान नाले पर कल्यानपुर के पास पम्पिंग स्टेशन का निर्माण और 57.19 करोड़ रुपये की लागत से रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 10 पर ग्राम सिउरिया के पास पम्पिंग स्टेशन का निर्माण शामिल है।

इस अवसर पर उन्होंने 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 17.38 करोड़ रुपये से राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित गाहांसाड़ कोलिया तटबंध के ग्राम उत्तरासोत के पास किमी 7.135 से 7.9 के बीच कटाव निरोधक कार्य, 8.41 करोड़ रुपये से रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 9.60 से 11.60 तक स्लोप पिचिंग कार्य, 6.56 करोड़ रुपये से राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित बढ़या कोठा तटबंध के ग्राम तुर्कवलिया के पास किमी 9.08 से 9.485 के बीच कटाव निरोधक कार्य, 34.36 करोड़ रुपये की अमृत 2.0 के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना पार्ट-1 और 26.06 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पार्ट-2 प्रमुख रूप से शामिल हैं।

समारोह में ये रहे मौजूद:

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद रविकिशन शुक्ल, कैम्पियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, प्रेमसागर पटेल, जयमंगल कन्नौजिया, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और मत्स्य विकास निगम के चेयरमैन रमाकांत निषाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।