अयोध्या, उत्तर प्रदेश: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है और जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर किसी के पास कोई दस्तावेजी प्रमाण है तो वह SIT को उपलब्ध कराए। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।” सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग अयोध्या के विकास और उसकी बढ़ती पहचान को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और जानबूझकर शहर की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
‘15 दिन इंतजार कर लें, चिंता मत करें’
मुख्यमंत्री ने राम भक्तों से अपील करते हुए कहा, “अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं। हमने राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT जांच बैठाई है। जांच पूरी होने दें, सच्चाई सामने आ जाएगी।” उन्होंने लोगों से संयम बरतने और जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीच-बीच में होने वाली टिप्पणियां जांच को प्रभावित कर सकती हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राम भक्तों से कहना चाहूंगा कि प्रभु राम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। उसी मर्यादा का पालन करते हुए 500 वर्षों तक संघर्ष किया गया। 15 दिन और इंतजार कर लें, चिंता मत करें। SIT रिपोर्ट आने दें।”
#WATCH | Ayodhya: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath says, "...Those who fired bullets at 'karsevaks' and wielded lathis for chanting Jai Shri Ram are now out here giving sermons... We have set up an SIT investigation (to probe Ram Temple donation issue) at the request… pic.twitter.com/Bcqc8zwrpT
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 19, 2026
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज राम भक्तों के अपमान की बात कर रहे हैं, वही अतीत में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर कार्रवाई करते थे। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी के दोहरे चरित्र को देखिए। जो लोग कारसेवकों पर गोली चलाते थे, वे आज राम भक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अदालत में यह तक कहा कि भगवान राम का अस्तित्व नहीं था। आज वही लोग राम भक्तों के अपमान की बात कर रहे हैं।”
VIDEO | Addressing a public gathering in Rudauli, Ayodhya, Chief Minister Yogi Adityanath (@myogiadityanath) said, "Look at their double standards. The same Congress party that tried every possible way to prevent the construction of Lord Ram’s temple in Ayodhya is now pretending… pic.twitter.com/MPqAcpW38M
— Press Trust of India (@PTI_News) June 19, 2026
‘नई अयोध्या कुछ लोगों को पसंद नहीं’
सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान अयोध्या का विकास कुछ राजनीतिक दलों को पसंद नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या विश्व स्तर पर पहचान बना रही है और यह बदलाव कुछ लोगों को असहज कर रहा है। उन्होंने कहा, “आज नई अयोध्या का निर्माण हो रहा है। माता शबरी के नाम पर बने भोजनालय और विकास की नई परियोजनाएं कुछ लोगों को अच्छी नहीं लगतीं। यही कारण है कि वे लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं।” मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अटकलों से बचना चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Add GTC Bharat on Google