लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट मिलते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को लखनऊ में हुए कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट बांटे गए। टैबलेट पाने वालों में सीतापुर के सिद्धार्थ तिवारी, सुयश अवस्थी, एसजीपीजीआई के राज कश्यप, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह, रागिनी और सुमन भी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई और आगे की तैयारी के लिए काफी काम का बताया और सरकार की इस पहल की तारीफ की।

डिजिटल सामग्री से आसान होगी पढ़ाई:

सीतापुर के रहने वाले सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि टैबलेट मिलने से पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधनों तक पहुंच आसान हो जाएगी। अब किताबों के साथ-साथ इंटरनेट पर मौजूद अध्ययन सामग्री, विषयों से जुड़े वीडियो और ऑनलाइन कक्षाओं का भी फायदा उठाया जा सकेगा। इससे मुश्किल विषय समझने और तैयारी मजबूत करने में मदद मिलेगी। सुयश अवस्थी का कहना था कि आज के समय में पढ़ाई के साथ तकनीकी जानकारी भी बहुत जरूरी है। टैबलेट से विद्यार्थी अपनी जरूरत के हिसाब से पढ़ाई की सामग्री जुटा सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन आवेदन और नई जानकारियां पाने में भी यह बहुत काम आएगा।

नर्सिंग की पढ़ाई में मिलेगी खास मदद:

एसजीपीजीआई के छात्र राज कश्यप ने टैबलेट को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने का अच्छा जरिया बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में हमेशा नई जानकारियां आती रहती हैं, ऐसे में डिजिटल माध्यम से विषय समझने, पढ़ने की सामग्री देखने और खुद को अपडेट रखने में आसानी होगी। एसजीपीजीआई से बीएससी नर्सिंग कर रहीं ओजस्वी सिंह ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ भी जरूरी है। टैबलेट पर विषयों से जुड़े वीडियो, चित्र, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और व्याख्यान देखकर कठिन विषय आसानी से समझे जा सकेंगे। इससे पढ़ाई ज्यादा असरदार बनेगी।

युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान:

रागिनी और सुमन ने भी टैबलेट वितरण को विद्यार्थियों के लिए अहम पहल बताया। उनका कहना है कि डिजिटल उपकरण मिलने से पढ़ाई के लिए दूसरों पर निर्भरता घटेगी। अब घर बैठे ऑनलाइन कक्षाओं, ई-पुस्तकों और पढ़ाई की दूसरी सामग्री से पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी। इससे समय बचेगा और तैयारी को बेहतर ढंग से सही दिशा दी जा सकेगी। विद्यार्थियों ने यह भी कहा कि आर्थिक हालात की वजह से हर छात्र के लिए टैबलेट या लैपटॉप खरीदना आसान नहीं होता, ऐसे में सरकार की यह योजना बहुत फायदेमंद है।

अमन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को तकनीक से जोड़ने और शिक्षा में आगे बढ़ाने की कोशिश सराहनीय है। उनके अनुसार यह पहल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने के नए मौके भी देगी।