लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीति साफ है। अब न अपराधियों को अभय मिलता है, न आतंकियों को मौका और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में बदलती चुनौतियों से निपटने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, फौरन फैसले और टीमवर्क से काम करने की क्षमता जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) और उत्तर प्रदेश पुलिस के बड़े क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि एनएसजी और यूपी पुलिस का यह साझा कार्यक्रम तैयारियों को नई धार, आपसी तालमेल को नई ताकत और सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री ने कमांडो के आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा और बम विस्फोट से बचाव समेत कई हैरतअंगेज प्रदर्शन भी देखे। उन्होंने भरोसा जताया कि एनएसजी और यूपी पुलिस की साझा कोशिश देश की आंतरिक सुरक्षा को नई ताकत और दिशा देगी।

हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी:

सीएम ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें सुरक्षा बल हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि वीर जवानों का यह पराक्रम करोड़ों माताओं-बहनों के सम्मान की ढाल, भारत की संप्रभुता का कवच और देश की शांति-सुरक्षा को चुनौती देने का दुस्साहस करने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए काल है।

यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व:

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व है। उन्होंने बताया कि एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपर ने अचूक निशाने के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि एटीएस ने महिला कमांडो टीम बनाकर उन्हें स्पॉट का अहम हिस्सा बनाया है, जो सिर्फ ऑपरेशनल कदम नहीं, बल्कि उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली रणचंडी के रूप में दिखती हैं।

प्रयागराज कुम्भ 2019 और महाकुम्भ-2025 का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जब करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं, तो स्पॉट के कमांडो और यूपी पुलिस की अभेद्य सुरक्षा के कारण परिंदा भी पर नहीं मार सकता।

"कभी दंगों की आग में झुलसता था यूपी, अब कानून का राज":

सीएम ने कहा कि वह दौर याद कीजिए, जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था, अपराधियों के हौसले बुलंद थे और चारों तरफ अराजकता थी। अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसके लिए पुलिस का इकोसिस्टम मजबूत किया गया है। पुलिस भर्ती पारदर्शी तरीके से हुई और उनकी क्षमता बढ़ाई गई। पुलिस को बेहतर संसाधन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिला। पुलिस का बजट तीन से चार गुना किया गया और पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक बैरक और अच्छी सुविधाएं बनाई गईं।

टेक्नोलॉजी और क्विक रिस्पांस से जुड़ी पुलिस:

सीएम ने कहा कि पुलिस को टेक्नोलॉजी और क्विक रिस्पांस से जोड़ा गया। सभी 75 जनपदों में साइबर थाने खोले गए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे और 112 का रिस्पॉन्स टाइम 65 मिनट से घटाकर 5-7 मिनट तक लाया गया। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स बनाकर उनकी ट्रेनिंग से कैपिसिटी बिल्डिंग पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री के मुताबिक माफिया के काल एसटीएफ को मजबूत किया गया और दंगाइयों के काल पीएसी को फिर से खड़ा करने के साथ तीन महिला पीएसी बटालियन बनाई गईं। देवबंद से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक एटीएस के कमांडो तैनात हैं। सेंटर, मेट्रो, एयरपोर्ट, न्यायालय परिसरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यूपीएसएसएफ बनाकर उससे छह बटालियन जोड़ी गईं। अयोध्या में एनएसजी का रीजनल हब बनाने के लिए जमीन दी गई है।

डकैती में 84 और लूट में 77 फीसदी से ज्यादा की कमी:

सीएम ने कहा कि अपराधियों और माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई या ध्वस्त की गई। यूपी से कर्फ्यू और दंगे खत्म हो गए। माफिया जेल या जहन्नुम की यात्रा पर हैं। प्रदेश में डकैती में 84 और लूट में 77 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है। महिला सुरक्षा और जनता का भरोसा पुलिसिंग के केंद्र में रखा गया। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित कर उनकी संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 45 हजार की गई। महिला बीट अधिकारियों से लेकर महिला बटालियन तक महिला सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब लैंड ऑफ लॉ बन गया है और कानून-व्यवस्था के दम पर मॉडल के रूप में पहचान बना चुका है।

बदले तरीके से वार कर रहा दुश्मन:

सीएम ने चिंता जताई कि समय के साथ दुश्मन ने अपना तरीका बदल लिया है। उन्होंने कहा कि दुश्मन अब अदृश्य तरीके से वार कर रहा है। हवाला नेटवर्क और फेक करेंसी से अर्थव्यवस्था पर चोट की जा रही है। अवैध कन्वर्जन, साइबर क्राइम और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए व्यवस्था को खोखला करने की साजिश रची जा रही है। यह भारत की अखंडता और प्रदेश की सुरक्षा के लिए नई चुनौती है।

एटीएस की 21 फील्ड यूनिट, 10 नई यूनिट बनीं:

सीएम ने यूपी पुलिस, एटीएस और पुलिस के जांबाजों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट तैनात हैं। 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर, नक्सल प्रभावित सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर और आस्था के केंद्र अयोध्या, प्रयागराज, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, झांसी आदि में 10 नई फील्ड यूनिट बनाकर सरकार ने सुरक्षा का अभेद्य किला खड़ा किया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग जैसी इकाइयां हैं और इकॉनमिक एनालिसिस विंग संदिग्ध फाइनेंशियल लेन-देन की परतें खोलती है।

डार्क वेब और क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकेंगे आतंकी:

सीएम ने कहा कि अब कोई आतंकी या देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकता। स्पॉट कमांडो एनएसजी, बीएसएफ और सीआईएसएफ के साथ अग्निपरीक्षा ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज और नेशनल ज्वाइंट काउंटर (आईडी एक्सरसाइज) जैसे संयुक्त अभ्यास करते हैं, जो कमांडो को हर आपात स्थिति के लिए तैयार करते हैं।

भारत ने खुद खींची सुरक्षा नीति की रेडलाइन:

सीएम ने कहा कि 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 का ऑपरेशन सिंदूर भारत की नई रणनीति और ताकत का एहसास कराते हैं। इनके जरिए सेना ने नापाक कोशिशों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने सुरक्षा नीति की रेडलाइन खुद खींची है और पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब देता है। तीनों सेनाओं की सिनर्जी, स्वदेशी टेक्नोलॉजी और जीरो टॉलरेंस की इच्छाशक्ति मिल जाए तो दुश्मन के पास छिपने का रास्ता नहीं बचता।

सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव:

सीएम ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन करती है, जबकि पुलिस, एटीएस और एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश और गद्दारों की कमर तोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती के लिए तैयार रहना है। ऐसी सुरक्षा व्यवस्था बनानी है, जो तकनीक में आधुनिक, रणनीति में अचूक, तालमेल में मजबूत और कार्रवाई में निर्णायक हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, एनएसजी के आईजी (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला और आईजी (एटीएस) प्रेम गौतम मौजूद रहे।