लखनऊ: प्रदेश के पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में योगी सरकार की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, सामाजिक विकास और आधारभूत अवसंरचना जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में तय 50 इंडीकेटर्स के आधार पर लगातार प्रगति का आकलन किया जा रहा है।

जुलाई-26 की रैंकिंग में रामपुर जिले के सैदनगर विकासखंड ने 70.03 अंक हासिल कर प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में पहला स्थान प्राप्त किया है। प्रयागराज का बहरिया विकासखंड 69.7 अंक के साथ दूसरे और संभल का असमौली विकासखंड 68.82 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

स्वास्थ्य और पोषण में सैदनगर का बेहतर प्रदर्शन:

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आकांक्षात्मक विकासखंडों में संचालित कार्यक्रमों के मूल्यांकन के लिए पांच थीम निर्धारित हैं। इनमें स्वास्थ्य एवं पोषण को 30 प्रतिशत, शिक्षा को 30 प्रतिशत, कृषि एवं संबद्ध सेवाओं को 20 प्रतिशत, आधारभूत अवसंरचना को 15 प्रतिशत और सामाजिक विकास को 5 प्रतिशत भारांक दिया गया है। कुल 50 इंडीकेटर्स के प्रदर्शन के आधार पर विकासखंडों की रैंकिंग तय होती है।

जुलाई-26 की रैंकिंग में सैदनगर ने स्वास्थ्य एवं पोषण के कई मानकों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यहां एनक्यूएएस प्रमाणित स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रतिशत 81.58 दर्ज किया गया। गर्भवती महिलाओं की चार या उससे अधिक प्रसवपूर्व जांच का प्रदर्शन 104.65 प्रतिशत रहा, जबकि बच्चों के पूर्ण टीकाकरण का स्तर करीब 100 प्रतिशत रहा।

आईसीडीएस के तहत नियमित रूप से पूरक पोषण लेने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत 75.87 और छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों में यह उपलब्धि 67.14 प्रतिशत दर्ज की गई। विकासखंड के सभी 238 संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यशील शौचालय और पेयजल सुविधा उपलब्ध है। इन दोनों इंडीकेटर्स में 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज हुई।

बोर्ड परीक्षा में 68.13 प्रतिशत छात्राओं ने हासिल किए 60% से अधिक अंक:

शिक्षा के क्षेत्र में भी सैदनगर ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर पहुंचने वाले विद्यार्थियों में लड़कों की दर 91.26 प्रतिशत और लड़कियों की दर 91.65 प्रतिशत रही। वहीं माध्यमिक से उच्च माध्यमिक स्तर पर पहुंचने वाले लड़कों की दर 85.08 प्रतिशत और लड़कियों की दर 91.29 प्रतिशत दर्ज हुई।

विकासखंड के सभी स्कूलों में लड़कियों के लिए पर्याप्त शौचालय और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों से जुड़े इंडीकेटर्स में 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई। कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं का प्रतिशत 68.13 रहा।

कृषि और पशुपालन में भी मजबूत प्रदर्शन:

कृषि एवं संबद्ध सेवाओं के क्षेत्र में भी सैदनगर ने कई मानकों पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। एफपीओ गठन का प्रतिशत 133.33 रहा, जबकि मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण का प्रदर्शन 340.09 प्रतिशत दर्ज हुआ।

पशुपालन से जुड़े मानक में एफएमडी वैक्सीनेशन का लक्ष्य 100 प्रतिशत पूरा किया गया। इस दौरान कुल 44,150 पशुओं का टीकाकरण दर्ज किया गया।

बुनियादी सुविधाओं में भी सैदनगर आगे:

आधारभूत अवसंरचना से जुड़े इंडीकेटर्स में भी सैदनगर का प्रदर्शन प्रभावी रहा। विकासखंड में 94.93 प्रतिशत घरों में कार्यशील नल जल कनेक्शन दर्ज किए गए। वहीं सभी गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किए जाने के इंडीकेटर में 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई।

भारतनेट से जुड़े ग्राम पंचायतों का प्रतिशत 81.93 और लाइव भारतनेट कनेक्शन वाले ग्राम पंचायतों का प्रतिशत 54.41 रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्धारित संचयी लक्ष्य के मुकाबले आवास निर्माण की उपलब्धि भी 100 प्रतिशत दर्ज की गई।

इन विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज प्रगति के आधार पर सैदनगर ने जुलाई-26 की आकांक्षात्मक विकासखंड रैंकिंग में 70.03 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।