लखनऊ:  उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने की प्रसारित सूचना को पूरी तरह फर्जी, असत्य और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों के लिए लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही होगी। परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन पदों के लिए आयोग ने 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया था।

उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, लोगो और नाम का दुरुपयोग करते हुए परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना फैलाई है। इसके लिए उप सचिव के जाली हस्ताक्षर भी इस्तेमाल किए गए हैं। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों और संस्था के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रयागराज के थाना कर्नलगंज में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या किसी अन्य अनधिकृत माध्यम से फैलाई जा रही अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें और न ही ऐसी खबरों को बिना सत्यापन आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा की तैयारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखें।

आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आयोग से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं, विज्ञप्तियां, परीक्षा कार्यक्रम और आवश्यक संशोधन केवल आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in और अधिकृत 'एक्स' (X) हैंडल @upesscprayagraj पर ही जारी किए जाते हैं। अभ्यर्थी किसी भी भ्रामक सूचना से गुमराह न हों और परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आयोग के अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।