लखनऊ: दीपावली और छठ के मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 2 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निगम ने 12 दिन तक यात्रियों को सुरक्षित और आसान सफर देने के लिए बड़े पैमाने पर अतिरिक्त बसें चलाईं।

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने से 6 नवम्बर से 17 नवम्बर तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई। इस दौरान यात्रियों की जरूरत और भीड़ के हिसाब से ज्यादा से ज्यादा बसें चलाई गईं।

रोजाना इतने यात्रियों ने की यात्रा:

परिवहन मंत्री ने बताया कि 6 नवम्बर को 18.06 लाख से ज्यादा, 7 नवम्बर को 16.72 लाख से ज्यादा, 8 नवम्बर को 17.36 लाख से ज्यादा, 9 नवम्बर को 14.12 लाख से ज्यादा, 10 नवम्बर को 16.42 लाख से ज्यादा, 11 नवम्बर को 19.45 लाख से ज्यादा, 12 नवम्बर को 19.26 लाख से ज्यादा, 13 नवम्बर को 22.40 लाख से ज्यादा, 14 नवम्बर को 20.07 लाख से ज्यादा, 15 नवम्बर को 20.13 लाख से ज्यादा, 16 नवम्बर को 17.15 लाख से ज्यादा और 17 नवम्बर को 31.27 लाख से ज्यादा यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों से यात्रा की।

घर जाने वालों को मिली राहत:

उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ के दौरान खासकर पूर्वांचल में यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। प्रदेश के बड़े शहरों और दूसरे राज्यों के औद्योगिक इलाकों में काम करने वाले लोग त्योहार मनाने बड़ी संख्या में घर जाते हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने पूर्वांचल समेत प्रदेश के मुख्य रूटों पर अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया, जिससे लोग समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

सरकार का प्रयास:

परिवहन मंत्री ने कहा कि योगी सरकार आम लोगों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि त्योहारों में बसों की कमी से यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी तालमेल से खास कोशिश की। अतिरिक्त बसें चलाने और बेहतर प्रबंधन से यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रही।