लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिशें रंग ला रही हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर तक हुई 70वीं स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। उन्होंने दो नए राष्ट्रीय कीर्तिमान भी बनाए। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश की टीम 61 अंकों के साथ चैंपियन बनी।

अंडर-17 बालक वर्ग में दिखा दम:

प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में कॉलेज के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अरमान खान ने 7.18 मीटर की छलांग के साथ लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। समीर खान ने 800 और 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान पाकर दो स्वर्ण अपने नाम किए। 4×100 मीटर रिले में शौर्यवीर सिंह, कृष्णम तोमर, गौरव यादव और मयंक बहादुर की टीम ने स्वर्ण जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

4×400 मीटर रिले में भी नया कीर्तिमान:

4×400 मीटर रिले में शौर्यवीर सिंह, समीर खान, अनुज अनस और मयंक बहादुर की टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान कायम किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर कॉलेज के कुल 17 खिलाड़ियों का चयन स्कूल नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ था। राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ियों की इस कामयाबी से कॉलेज परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को दी बधाई:

गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हुई 70वीं स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंडर-17 बालक वर्ग में कॉलेज के 9 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और उम्दा प्रदर्शन का परिचय दिया। उनके अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण पदक और दो नए राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाना, साथ ही 61 अंकों के साथ उत्तर प्रदेश की टीम का चैंपियन बनना पूरे प्रदेश और कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और एथलेटिक्स प्रशिक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह व विमल प्रताप राय के कुशल मार्गदर्शन को दिया।