लखनऊ: योगी सरकार परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने और पढ़ाई को तकनीक से जोड़ने में लगातार जुटी है। इसी क्रम में समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश ने ब्लॉक स्तर पर होने वाले शिक्षक प्रशिक्षण के लिए 'उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका' तैयार की है। इससे शिक्षक डिजिटल संसाधनों का सही मकसद से इस्तेमाल कर सकेंगे और हर विद्यार्थी की जरूरत के हिसाब से उसकी मदद कर पाएंगे।
मार्गदर्शिका में शिक्षकों को स्कूलों में मौजूद स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की पहचान, उन्हें चलाने का तरीका, पढ़ाई की सामग्री तक पहुंच और कक्षा में उनके असरदार इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के उद्देश्य, सत्रों का क्रम और डिजिटल संसाधनों के व्यावहारिक उपयोग को भी विस्तार से शामिल किया गया है।
स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब चलाने की पूरी जानकारी:
मार्गदर्शिका में इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर, वेब कैमरा और दूसरे उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई है। शिक्षकों को उपकरण चालू और बंद करने का सही क्रम बताया जाएगा। सिस्टम शुरू करते समय सबसे पहले मुख्य बिजली स्विच, फिर यूपीएस और उसके बाद पैनल व ओपीएस चालू करना होगा। बंद करते समय पहले सभी फाइलें और एप्लीकेशन सुरक्षित तरीके से बंद करके ओपीएस शटडाउन करना होगा। इसके बाद पैनल और आखिर में यूपीएस व मुख्य स्विच बंद किया जाएगा। विद्यालय के सभी उपकरणों को स्टॉक पंजिका में दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया है।
डिजिटल मंचों से मिलेगी पढ़ाई की सामग्री:
शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के जरिए कक्षा और विषय के हिसाब से शिक्षण सामग्री तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल मंचों के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई है। मार्गदर्शिका के अनुसार दीक्षा पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से ज्यादा शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक पाठ्यपुस्तकों के क्यूआर कोड स्कैन करके संबंधित वीडियो और गतिविधियां कक्षा में दिखा सकेंगे। पीएम ई-विद्या के जरिए टीवी, रेडियो और ऑफलाइन माध्यमों से भी पढ़ाई की सामग्री का उपयोग हो सकेगा। हर कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट न होने पर पहले से डाउनलोड की गई सामग्री, दीक्षा की ऑफलाइन सामग्री और पेन ड्राइव में रखे संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
डिजिटल लाइब्रेरी में 5,000 से ज्यादा ई-पुस्तकें:
डिजिटल लाइब्रेरी में 5,000 से अधिक ई-पुस्तकें, समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं के ई-संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा है। इसके एकेडमिक मोड से शिक्षक कक्षा में चल रहे पाठ्यक्रम के आधार पर बच्चों का आकलन कर सकेंगे। किसी विषय या टॉपिक को समझने में बच्चों को जो परेशानी हो रही है, उसकी पहचान करके रेमेडियल कैचअप कंटेंट से उसे दूर किया जा सकेगा। इससे शिक्षक हर बच्चे की सीखने से जुड़ी जरूरत पर बराबर ध्यान दे पाएंगे।
आकलन और प्रगति की होगी डिजिटल निगरानी:
मार्गदर्शिका में आईसीटी के जरिए विद्यार्थियों के आकलन और स्वतंत्र अभ्यास को खास जगह दी गई है। शिक्षक एलएमएस या दीक्षा के प्रश्नों से आकलन करके नतीजे निपुण प्लस ऐप में दर्ज कर सकेंगे। जिस प्रश्न का जवाब आधे से ज्यादा बच्चे गलत देंगे, उस अवधारणा को अगले कालांश में दोबारा पढ़ाने का सुझाव है। खान एकेडमी और एलएमएस की रिपोर्ट से बच्चों के अभ्यास और प्रगति पर नजर रखने और जरूरत के हिसाब से कैच-अप शिक्षण कराने पर जोर दिया गया है। शिक्षण में 'मैं करके दिखाता हूं, हम मिलकर करते हैं और बच्चे खुद करते हैं' के तीन चरणों वाली स्कैफोल्डिंग पद्धति भी जोड़ी गई है।
एआई के सही इस्तेमाल और डिजिटल सुरक्षा पर जोर:
शिक्षक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से पाठ योजना, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की गतिविधियां बना सकेंगे। हालांकि एआई से मिली सामग्री के तथ्य सही हैं या नहीं और वह पाठ्यक्रम के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच शिक्षक को खुद करनी होगी। विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड या कोई भी निजी और गोपनीय जानकारी किसी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा न करने की साफ हिदायत दी गई है। उपकरणों में कोई समस्या आने पर शिकायत दर्ज कराने और तय प्रक्रिया के मुताबिक उसे आगे बढ़ाने की जानकारी भी दी गई है। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर और प्रेरणा पोर्टल के कंप्लेंट मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश की महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि इस मार्गदर्शिका के जरिए शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक मंचों, विद्यार्थियों के आकलन और प्रगति की निगरानी तथा एआई के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि डिजिटल संसाधनों से बच्चों के सीखने का स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय जैसी सुविधाओं का सही इस्तेमाल पढ़ाई-सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाएगा और उसके नतीजे भी बेहतर करेगा।
Add GTC Bharat on Google