लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गांवों में चार लाख से ज्यादा महिलाएं अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रही हैं। योगी सरकार के ग्रामीण आजीविका मिशन और डेयरी मॉडल से जुड़ने के बाद ये महिलाएं सिर्फ पशुपालन तक सीमित नहीं रहीं। दूध संग्रह, गुणवत्ता की जांच, बिक्री और भुगतान, पूरा काम अब वे खुद देख रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिलाएं हर दिन 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध इकट्ठा कर रही हैं। इसका सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ा है और 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आजीविका मिशन के जरिए ग्रामीण कारोबार को बिचौलियों से मुक्त करने और महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने का अभियान चल रहा है। गांवों में खड़ा यह नेटवर्क महिलाओं को दूध की सही कीमत दिलाने के साथ कारोबार का पूरा हिसाब भी उनके हाथ में दे रहा है। मोबाइल ऐप और डिजिटल मशीनों की मदद से दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन मिल जाता है।
गांव में रहकर संभाल रहीं लाखों का कारोबार:
ग्रामीण इलाकों में पशुपालन लंबे समय से परिवारों की कमाई का बड़ा सहारा रहा है। पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन में सबसे ज्यादा मेहनत महिलाएं करती थीं, लेकिन दूध बेचने, कीमत तय करने और हिसाब-किताब में उनकी सीधी भागीदारी कम ही रहती थी। डेयरी के नए मॉडल से यह तस्वीर बदलनी शुरू हुई है। अब गांव की महिलाएं दूध उत्पादक समूहों और कंपनियों से जुड़कर खुद कारोबार चला रही हैं।
इस मॉडल की खास बात यह है कि महिलाओं को अपने ही गांव में नियमित बाजार मिल रहा है। संग्रह केंद्र पर दूध पहुंचाते ही उसकी मात्रा और गुणवत्ता का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज हो जाता है। इससे महिला पशुपालकों को पता रहता है कि उन्होंने कितना दूध दिया, उसमें फैट कितना था और बदले में कितना पैसा मिलेगा।
बिचौलियों से छुटकारा, सीधे खाते में पहुंच रहा पैसा:
डिजिटल व्यवस्था से दूध के कारोबार में बिचौलियों की भूमिका घटी है और पारदर्शिता बढ़ी है। पहले ग्रामीण पशुपालकों को स्थानीय खरीदारों पर ही निर्भर रहना पड़ता था। कीमत और गुणवत्ता की जांच के मामले में भी उनके पास ज्यादा विकल्प नहीं होते थे। अब दूध की गुणवत्ता मशीन से जांची जा रही है और उसका रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज हो रहा है।
इससे कीमत को लेकर होने वाली उलझन कम हुई है। भुगतान की जानकारी भी डिजिटल रिकॉर्ड में रहती है, जिससे महिलाओं को अपने कारोबार और कमाई का साफ हिसाब मिल जाता है। इसका फायदा परिवार के आर्थिक प्रबंधन में भी दिख रहा है।
76 हजार से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी:
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि डिजिटल डेयरी नेटवर्क का असर महिलाओं की आर्थिक हालत पर साफ नजर आ रहा है। महिला नेतृत्व वाले इस दुग्ध मॉडल से जुड़कर प्रदेश में 76 हजार से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यानी डेयरी का काम उनके लिए सिर्फ अतिरिक्त कमाई का जरिया नहीं रहा, बल्कि नियमित और पक्की आजीविका बन गया है।
प्रदेश के 31 जिलों में फैला यह नेटवर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका को भी नया रूप दे रहा है। दूध से होने वाली कमाई सीधे महिलाओं के हाथ में आने से घर के रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दूसरी जरूरतों में उनकी हिस्सेदारी बढ़ी है।
डिजिटल तकनीक से आसान हुआ कारोबार:
मिशन निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक मोबाइल और डिजिटल तकनीक ने गांव की महिला पशुपालकों के लिए कारोबार को पहले से आसान बना दिया है। दूध संग्रह से लेकर भुगतान तक की सारी जानकारी ऑनलाइन होने से उन्हें रोज के हिसाब-किताब के लिए किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। गांव स्तर पर बना यह डिजिटल नेटवर्क महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहा है।
Add GTC Bharat on Google