वाराणसी:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दुनिया भर में नई पहचान मिल रही है। देव दीपावली अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को खींचने वाला आयोजन बन चुकी है। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर लाखों दीयों की रोशनी और बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। योगी सरकार ने देव दीपावली को प्रांतीय मेला घोषित किया था, जिसके बाद आयोजन का दायरा लगातार बढ़ा है। 2017 के बाद से इसकी भव्यता बढ़ती गई है। अयोध्या के दीपोत्सव की तर्ज पर अब शिव की नगरी काशी में भी देवताओं की दीपावली को भव्य रूप देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग 24 नवंबर के आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं।

11 लाख से ज्यादा दीये, तीन-चार घंटे रोशन रहेंगे घाट:

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देव दीपावली पर सरकार और जनता की भागीदारी से काशी के घाटों, कुंडों और दूसरे खास स्थानों पर 11 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। इनमें करीब 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीये होंगे। आयोजन में लगभग 22 लाख बातियों का इस्तेमाल होगा। सभी दीये एक साथ जलाए जाएंगे और करीब तीन से चार घंटे तक घाटों और कुंडों को रोशन रखेंगे।

88 घाटों और 103 कुंडों पर सजेगी दीयों की कतार:

मंत्री ने बताया कि 24 नवंबर को गंगा के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनभागीदारी से पांच लाख दीये जलाए जाएंगे। गंगा पार रेतीले इलाके में स्वयंसेवकों और अलग-अलग विभागों की मदद से 3.5 लाख दीये जलेंगे। शहर के 103 कुंडों पर समितियों के जरिए 2.5 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस तरह घाट, गंगा पार का रेतीला इलाका और कुंड मिलाकर करीब 11 लाख दीयों से काशी जगमगाएगी। दीये जलाने के लिए लगभग 1,800 टिन शुद्ध सरसों के तेल का इंतजाम किया जाएगा।

सरकारी दफ्तरों और होटलों तक बिजली की सजावट:

देव दीपावली पर काशी के मुख्य घाटों, चौराहों और रास्तों को बिजली की झालरों से सजाया जाएगा। यह व्यवस्था स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर करेंगे। वाराणसी के सभी सरकारी दफ्तरों की सजावट संबंधित विभाग कराएंगे। शहर के दुकानों-प्रतिष्ठानों और होटलों को सजाने की जिम्मेदारी व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन के सहयोग से पूरी की जाएगी।

आठ घाटों पर होगी खास गंगा आरती:

देव दीपावली की शाम काशी के आठ मुख्य घाटों पर भव्य गंगा आरती होगी। ये घाट हैं नमो घाट, गाय घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, केदार घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट। इन घाटों की विशेष आरती श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण रहेगी।

लेजर शो, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो:

जयवीर सिंह ने बताया कि पिछले सालों की तरह इस बार भी 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो कराने का प्रस्ताव है, जिसके लिए शाम 7:20 से 7:45 बजे तक का समय प्रस्तावित है। दशाश्वमेध घाट या अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेतीले इलाके में रात 8 से 8:15 बजे तक ड्रोन शो होगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी कराने का प्रस्ताव है।

2,100 स्वदेशी ड्रोन से आसमान में दिखेंगे शिव और मां गंगा:

मंत्री ने बताया कि 2,100 स्वदेशी ड्रोन से आसमान में पौराणिक प्रसंग दिखाए जाएंगे। काशी की आध्यात्मिक अहमियत और विरासत पर आधारित 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 खास ड्रोन फॉर्मेशन बनेंगे। थीम में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य होंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उभरेंगी। इस प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग का लोगो भी दिखाया जाएगा।