लखनऊ: योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण को किसानों की आमदनी, जैविक खेती और गांव की अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए 'चारा के बदले खाद' नाम का नया मॉडल शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत गोशालाएं भूसा-चारा सप्लायर से खरीदने के बजाय अपनी ग्राम पंचायत के किसानों से सीधे चारा खरीद सकेंगी। किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच सीधा सालाना अनुबंध होगा। इसमें हरे-सूखे चारे और भूसे के बदले किसानों को जैविक खाद और गोबर व गोमूत्र दिया जाएगा।
चारे के रूप में इस्तेमाल हो सकने वाले फसल अवशेष और पराली गोशालाओं में काम आएंगे, इसलिए इन्हें जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और प्रदूषण घटाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के मुताबिक इस पहल से गोआश्रय स्थलों में साल भर चारे की नियमित आपूर्ति पक्की होगी, स्थानीय किसानों को आर्थिक फायदा होगा और गो संरक्षण की व्यवस्था आत्मनिर्भर और टिकाऊ बनेगी।
गो संरक्षण में किसानों की भागीदारी:
योगी सरकार चाहती है कि गोवंश संरक्षण की व्यवस्था लंबे समय तक चले और आर्थिक रूप से मजबूत रहे। इसी सोच के साथ गोआश्रय स्थलों को सिर्फ निराश्रित गोवंश को रखने की जगह नहीं, बल्कि जैविक खाद बनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली इकाई के रूप में भी विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। चारे के बदले खाद मिलने से गो संरक्षण में किसानों की भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही गोबर और गोमूत्र का इस्तेमाल जैविक खाद बनाने में हो सकेगा।
गोबर-गोमूत्र से खाद बनाने की ट्रेनिंग:
योजना में किसानों को गो आधारित प्राकृतिक खेती की खास ट्रेनिंग भी दी जाएगी। उन्हें गोबर और गोमूत्र से अच्छी क्वालिटी की जैविक खाद बनाना सिखाया जाएगा। साथ ही प्राकृतिक खेती में जैविक खाद के वैज्ञानिक और तकनीकी इस्तेमाल की पूरी जानकारी दी जाएगी। मकसद यह है कि किसान सिर्फ खाद लेने तक सीमित न रहें, बल्कि उसे बनाने, उसकी क्वालिटी और खेतों में सही तरीके से इस्तेमाल करने की तकनीक भी समझें। इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और खेती में गोवंश की उपयोगिता भी नए सिरे से साबित होगी।
16 लाख से ज्यादा गोवंश को मिला आश्रय:
योगी सरकार की कोशिशों से प्रदेश में गोवंश संरक्षण की बड़ी व्यवस्था बनी है। प्रदेश में 7,700 से ज्यादा गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया गया है। सरकार अब इस व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ इसके संचालन को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। 'चारा के बदले खाद' मॉडल को इसी दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
टिकाऊ व्यवस्था पर जोर:
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद गोवंश के संरक्षण के साथ ऐसी व्यवस्थाएं बनाना है, जिनसे यह अभियान लगातार और असरदार ढंग से चलता रहे।
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गो संरक्षण की व्यवस्था अब बड़ा रूप ले रही है। नई पहल से गोआश्रय स्थलों, किसानों और प्राकृतिक खेती को आपस में जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि चारे के बदले जैविक खाद देने की व्यवस्था से गो संरक्षण को जनभागीदारी और खेती की उपयोगिता से जोड़ने में मदद मिलेगी।
Add GTC Bharat on Google