लखनऊ:  सत्ता और जनता के बीच संवाद सिर्फ योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह भरोसे, संवेदना और आत्मीय जुड़ाव का जरिया भी बनता है। इसी सोच को आगे बढ़ाती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक पहल 'योगी की पाती' ने 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर सोमवार को राजधानी के 1090 चौराहे पर विशेष प्रदर्शनी शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया और इस संवाद यात्रा को जनसहभागिता के अहम माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया।

हर सप्ताह जनता से सीधा संवाद:

'योगी की पाती' के जरिए मुख्यमंत्री हर सप्ताह प्रदेशवासियों से सीधे जुड़कर अपने विचार, अनुभव, सरकार की प्राथमिकताएं और विकास से जुड़े अहम विषय साझा करते रहे हैं। इस पहल की खासियत है कि इसमें शासन की नीतियों और योजनाओं के साथ सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक स्वावलंबन और जनभागीदारी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता मिली है। 50 संस्करणों का यह सफर दिखाता है कि मुख्यमंत्री ने जनसंवाद को शासन की कार्यशैली का अहम हिस्सा बनाने की कोशिश की है।

50 संस्करणों में दिखी प्रदेश की विकास यात्रा:

1090 चौराहे की प्रदर्शनी में 'योगी की पाती' के अब तक छपे सभी 50 संस्करण आकर्षक ढंग से लगाए गए हैं। इनके जरिए आने वाले लोग मुख्यमंत्री के विचारों, प्रदेश के बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य और जनहित के अलग-अलग विषयों पर सरकार के नजरिए से रूबरू हो रहे हैं। प्रदर्शनी जहां मुख्यमंत्री की संवाद यात्रा को सहेजती है, वहीं उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और संभावनाओं को भी सामने रखती है।

ओडीओपी और ओडीओसी स्टॉल बने आकर्षण:

प्रदर्शनी का एक बड़ा आकर्षण 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ओडीओपी) और 'एक जनपद-एक व्यंजन' (ओडीओसी) के विशेष स्टॉल रहे। यहां प्रदेश के अलग-अलग जनपदों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय खानपान की समृद्ध परंपरा प्रदर्शित की गई। इन पहलों से उत्तर प्रदेश की खास पहचान, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों की प्रतिभा तथा पारंपरिक व्यंजनों की विविधता को मंच मिला।

लोकल को ग्लोबल पहचान दिलाने की झलक:

यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने, पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों को भी दर्शाता है। ओडीओपी और ओडीओसी के जरिए 'लोकल' को 'ग्लोबल' पहचान दिलाने की दिशा में हो रहे प्रयासों की झलक भी प्रदर्शनी में दिखी।

युवाओं से संवाद और प्रतियोगिताएं:

कार्यक्रम में 'रंग दे बसंती, उत्तर प्रदेश' की टीम ने युवाओं से संवाद किया और उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी तथा युवा हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई प्रतियोगिताएं भी हुईं, जिनमें जीतने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार के रूप में ओडीओपी योजना के उत्पाद दिए गए। इस पहल से युवाओं को सिर्फ योजनाओं की जानकारी तक सीमित न रखकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उद्यमिता और विकास की संभावनाओं से जोड़ने की कोशिश की गई। संवाद और प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं की सक्रिय हिस्सेदारी सुनिश्चित की गई।

सूचना निदेशक ने की सराहना, युवाओं को सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का संदेश:

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह ने प्रदर्शनी देखकर उसकी सराहना की और वहां मौजूद छात्र-छात्राओं को सरकार की जनकल्याणकारी व युवा हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से लगातार जुड़े रहना चाहिए, क्योंकि हमारी समृद्ध मातृ संस्कृति ही हमारी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों पर गर्व करने और प्रदेश की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी और टीम सदस्य:

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के निदेशक विशाल सिंह, उप निदेशक अनुराग प्रसाद, उप निदेशक आत्रेय मिश्र, सहायक निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक सतीश भारती, सहायक निदेशक चन्द्र विजय वर्मा और परशुराम मौर्य उपस्थित रहे। रंग दे बसंती टीम की ओर से विश्वदीप शुक्ल, अविका सिंह, चंद्र भूषण बारोड़, नक्षत्र शर्मा, उत्कर्ष चौहान और अंबुज राय ने कार्यक्रम में भाग लिया।

इनसेट: 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' ने युवाओं से किया संवाद:

प्रदर्शनी में 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' की टीम ने भी युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं को बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों, अलग-अलग क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलावों और प्रदेश की बदलती पहचान की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'उत्तम प्रदेश' के संकल्प और विजन से भी उन्हें परिचित कराया गया। 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' प्रदेश के युवाओं की ओर से चलाई जा रही एक स्वैच्छिक और जनभागीदारी आधारित पहल है। इसके जरिए युवा सामाजिक सहभागिता, जनसंवाद और जमीनी गतिविधियों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। यह पहल युवाओं को प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलावों से जुड़ने, उन्हें समाज में साझा करने और विकसित व आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है।