नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत के ढहने से हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अब तक छह लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घटनास्थल पर बचाव और तलाशी अभियान लगातार जारी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि स्थानीय जांच में सामने आया है कि ढही इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल पीजी आवास के रूप में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत ढह गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दलों ने तुरंत अभियान शुरू किया।
छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मलबे से बाहर निकाले गए छह लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे में और कितने लोग फंसे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, तलाशी और बचाव अभियान जारी है और मलबे के भीतर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सत्य निकेतन में इमारत गिरने से मलबे से एक और व्यक्ति को बचाया गया। अब तक मलबे से आठ लोगों को बचाया जा चुका है। बचाए गए आठ लोगों में से एक की मौत हो गई है।"
Delhi Fire Service: "One more person was rescued from the debris of the building collapse in Satya Niketan. So far, eight people have been rescued from the debris. Of the eight rescued, one person has died."
— ANI (@ANI) September 6, 2026
CM रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का किया दौरा
हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
#WATCH | Delhi Chief Minister Rekha Gupta oversees the rescue operations ongoing at the building collapse site in Satya Niketan. https://t.co/tiJUJb1ujp pic.twitter.com/ZQnfZ5uSVy
— ANI (@ANI) September 6, 2026
कई एजेंसियां राहत-बचाव अभियान में जुटीं
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, नगर निगम दिल्ली (MCD), केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवाएं (CATS) और सिविल डिफेंस की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से सटी इमारत को भी खाली करा लिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हादसे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की ओर से मलबे में फंसे लोगों तथा घायलों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
Add GTC Bharat on Google