मुंबई: अभिनेता शहीर शेख, मौनी रॉय और संजय कपूर स्टारर आगामी रिवेंज ड्रामा सीरीज 'अब होगा हिसाब' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में भाईचारे, विश्वासघात और सच की तलाश से जुड़ी एक रोमांचक कहानी की झलक दिखाई गई है। 

पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज दो भाइयों बॉबी मनोचा और बंटी मनोचा की कहानी है, जिनकी भूमिकाएं क्रमशः शहीर शेख और अविनाश मिश्रा ने निभाई हैं। बॉबी अपने छोटे भाई के बेहतर भविष्य के लिए हर संभव कोशिश करता है और उसे विदेश भेजने का सपना देखता है।

संजय कपूर ने निभाया है रहस्यमयी किरदार

कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब बंटी की मुलाकात प्रभावशाली और रहस्यमयी शख्स गोल्डी से होती है, जिसका किरदार संजय कपूर निभा रहे हैं। इसके बाद बंटी अचानक लापता हो जाता है। जैसे-जैसे कई और रहस्यमयी गुमशुदगियों के मामले सामने आते हैं, बॉबी अपने भाई की तलाश में खतरनाक साजिशों और छिपे हुए रहस्यों के जाल में फंस जाता है।

निमृत कौर अहलूवालिया, हरमन सिंघा और आशीमा वर्धान भी आएंगे नज़र

यह सीरीज अभिनेता अविनाश मिश्रा का ओटीटी डेब्यू भी है। उन्होंने कहा कि बंटी का किरदार कई परतों वाला है और संजय कपूर तथा शहीर शेख जैसे कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। सीरीज में निमृत कौर अहलूवालिया, हरमन सिंघा और आशीमा वर्धान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'अब होगा हिसाब' का प्रीमियर 18 जून को होगा और इसे दर्शक मुफ्त में Amazon MX Player पर देख सकेंगे।