वॉशिंगटन डीसी, अमरीका: कान्स फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2026 में इस साल भारत की मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी। यह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव 12 मई से 23 मई तक फ्रांस में आयोजित होगा, जिसमें भारतीय सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रीय और बॉलीवुड कलाकार शामिल होंगे। पंजाबी सिनेमा के लिए यह खास मौका होगा, क्योंकि एमी विर्क (Ammy Virk) पहली बार अपनी फिल्म ‘चढ़दी कला’ के साथ कान्स में हिस्सा लेंगे। उनके साथ उनकी को-स्टार रूपी गिल भी मौजूद रहेंगी।
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर भी भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। वह भारत का अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म समारोह (IFFI) के निदेशक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मराठी सिनेमा का होगा खास प्रतिनिधित्व
मराठी सिनेमा का भी इस बार खास प्रतिनिधित्व होगा। दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ, निवेदिता सराफ, एक्ट्रेस प्राजक्ता माली और मेकर केदार जोशी कान्स में पारंपरिक मराठी वेशभूषा में नजर आएंगे। गुजराती सिनेमा की ओर से मानसी पारेख और गायक-निर्माता पार्थिव गोहिल इस वैश्विक मंच पर हिस्सा लेंगे, जो गुजराती फिल्मों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
Cannes 2026 Guest List: Ammy Virk, Karan Johar, Ashok Saraf, Ashutosh Gowariker to represent India on global stageRead @ANI Story | https://t.co/YZ4InkB53m#Cannes #AmmyVirk #KaranJohar pic.twitter.com/EPgDASfILD
— ANI Digital (@ani_digital) May 5, 2026
बॉलीवुड की कई हस्तियां होंगी शामिल
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से निर्देशक चिदंबरम अपनी फिल्म ‘Balan: The Boy’ को कान्स मार्केट में पेश करेंगे, जो हाल के समय में मलयालम फिल्मों को मिल रही वैश्विक पहचान को आगे बढ़ाएगा। बॉलीवुड की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर L’Oreal की ग्लोबल एंबेसडर के रूप में कान्स में नजर आएंगी। इसके अलावा आलिया भट्ट भी इस इवेंट में शामिल होंगी। फिल्म निर्माता करण जौहर के साथ-साथ तारा सुतारिया, मौनी रॉय और पूजा बत्रा भी इस समारोह में शिरकत करेंगी।