मुंबई, महाराष्ट्र: रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर ने भारत में शानदार प्रदर्शन करने और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब जापान में रिलीज़ के लिए कदम बढ़ा दिया है। यह फिल्म जुलाई में जापान के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जो भारत में इसकी सफल रन के बाद अगला बड़ा कदम है। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक नया पोस्टर शेयर करते हुए इसकी इंटरनेशनल रिलीज़ की पुष्टि की।
उन्होंने लिखा, “अब जापान को भी धुरंधर की एनर्जी का अनुभव कराने का समय आ गया है! 10 जुलाई 2026 को जापान के सिनेमाघरों में रिलीज़।” आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को Jio Studios और B62 Studios ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
धुरंधर 2 ने भी बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने दिया है, जिसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं, धुरंधर 2 भी भारत में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और अपने छठे हफ्ते में भी मजबूती बनाए हुए है। सीक्वल में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, गौरव गेरा, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और अर्जुन रामपाल नजर आ रहे हैं।
फिल्म ने 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया
इस फिल्म फ्रेंचाइज़ी ने हाल ही में दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय फिल्म सीरीज बन गई है। फिल्मों का निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने किया है।