मुंबई, महाराष्ट्र: कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ के प्रशंसकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। निर्देशक रोहित शेट्टी ने ‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रोहित शेट्टी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज डेट के साथ इसका टीजर भी शेयर किया। नई फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी और तुषार कपूर नजर आएंगे।
रिलीज डेट की घोषणा करते हुए रोहित शेट्टी ने लिखा, “LAUGHTER, FUN, JOY, HAPPINESS AND FAMILY… BAS, NOTHING ELSE 8TH JAN 2027.” मेकर्स ने भी फ्रेंचाइजी की वापसी का ऐलान करते हुए कहा कि 2027 की शुरुआत मस्ती, हंसी और ‘गोलमाल’ के साथ होगी। दर्शकों को 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में एक बार फिर इस गैंग की कॉमेडी देखने को मिलेगी।
अक्षय कुमार भी फिल्म का हिस्सा
‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की एंट्री भी पहले ही कन्फर्म हो चुकी है। रोहित शेट्टी ने मार्च में एक अनाउंसमेंट वीडियो के जरिए इसकी जानकारी दी थी। वीडियो में अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू और तुषार कपूर शरमन जोशी की फ्रेंचाइजी में वापसी का जश्न मनाते दिखाई दिए थे। इसके बाद अक्षय कुमार की सरप्राइज एंट्री ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। हालांकि, फिल्म में अक्षय कुमार का किरदार और कहानी में उनकी भूमिका को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
2006 में शुरू हुई थी ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। पहली फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, शरमन जोशी और तुषार कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और इसके बाद फ्रेंचाइजी की तीन और फिल्में रिलीज हुईं। ‘गोलमाल अगेन’ साल 2017 में रिलीज हुई थी। अब करीब एक दशक बाद ‘गोलमाल’ गैंग बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है।
कहानी को लेकर सस्पेंस बरकरार
‘गोलमाल 5’ की कहानी को फिलहाल पूरी तरह गुप्त रखा गया है। मेकर्स ने रिलीज डेट और कलाकारों से जुड़ी जानकारी साझा की है, लेकिन फिल्म की कहानी और किरदारों के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है। फिल्म का निर्माण रोहित शेट्टी पिक्चरज और टी-सीरीज मिलकर कर रहे हैं। 8 जनवरी 2027 को रिलीज होने वाली यह फिल्म एक बार फिर दर्शकों को ‘गोलमाल’ की कॉमेडी दुनिया में ले जाने की तैयारी में है।
Add GTC Bharat on Google