मुंबई, महाराष्ट्र: नेटफ्लिक्स ने अपनी नई कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'इक्का' की घोषणा कर दी है। फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म सनी देओल की पहली नेटफ्लिक्स फीचर फिल्म है। साथ ही यह लंबे समय बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ लेकर आ रही है।

आखिर फिल्म की कहानी क्या होगी, ये सवाल दर्शकों के मन में बना हुआ है। दरअसल, 'इक्का' एक हाई-स्टेक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसकी कहानी न्याय, नैतिकता और व्यक्तिगत संघर्षों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में सनी देओल एक प्रतिष्ठित वकील की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे अपने अतीत से जुड़े एक व्यक्ति का केस लड़ना पड़ता है। इस किरदार को अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। यह मुकदमा पुराने जख्मों को फिर से खोल देता है और वकील के सिद्धांतों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत रिश्तों की परीक्षा लेता है।

नेटफ्लिक्स ने क्या कहा?

फिल्म में तिलोत्तमा शोम एक दृढ़ निश्चयी सरकारी वकील के किरदार में नजर आएंगी, जबकि दिया मिर्जा एक पत्नी और मां की भूमिका निभा रही हैं, जो मुश्किल परिस्थितियों में अपने परिवार को संभालने की कोशिश करती है। नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल ने कहा कि 'इक्का' में एक बेहतरीन कोर्टरूम ड्रामा के सभी तत्व मौजूद हैं- उच्च दांव, नैतिक जटिलताएं और भावनात्मक संघर्ष।

इसके आगे उन्होंने कहा कि यह फिल्म न्याय, सच्चाई और जवाबदेही जैसे विषयों को एक रोमांचक कहानी के जरिए दर्शकों के सामने पेश करती है। मोनिका शेरगिल ने यह भी कहा कि सनी देओल का तीन दशक बाद फिर से वकील की भूमिका में लौटना फिल्म को और खास बनाता है, जबकि अक्षय खन्ना उनके लिए एक बेहतरीन प्रतिद्वंद्वी साबित होंगे।

निर्देशक ने क्या कहा?

निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने कहा कि कोर्टरूम ड्रामा हमेशा से उनकी पसंदीदा शैली रही है और 'इक्का' उन शुरुआती कहानियों में से एक थी, जिन्हें वह पर्दे पर लाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि फिल्म सिर्फ न्याय की लड़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रिश्तों, भावनाओं और कठिन फैसलों की जटिलताओं को भी गहराई से दिखाया गया है।

दमदार स्टारकास्ट, 10 जुलाई को होगा प्रीमियर

फिल्म की कहानी अल्थिया कौशल और मयंक तिवारी ने लिखी है। इसका निर्माण सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा और सपना मल्होत्रा ने अल्केमी फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निष्ठा, जवाबदेही और त्याग जैसे विषयों पर आधारित 'इक्का' का प्रीमियर 10 जुलाई को विशेष रूप से नेटफ्लिक्स पर होगा।