मुंबई: संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'Love & War' से विक्की कौशल का फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आ गया है। पोस्टर में अभिनेता बेहद रफ, गंभीर और रहस्यमयी अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका यह लुक फिल्म की कहानी और उनके किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। पोस्टर में विक्की कौशल कैमरे की ओर बेहद तीखी नजरों से देखते दिखाई दे रहे हैं। उनके होंठों के बीच सिगरेट है और हाथ में क्लासिक सिल्वर जिप्पो-स्टाइल लाइटर नजर आ रहा है।

चेहरे के चारों ओर उठता धुआं, माथे और गाल पर नजर आने वाले निशान, घनी मूंछ और पुराने दौर की हेयरस्टाइल उनके किरदार को एक अलग पहचान देती है। विक्की ने गहरे रंग की कॉलर वाली शर्ट और हाथ में सोने की अंगूठी पहनी है।

पोस्टर पर लिखा है खास संवाद

पोस्टर को गहरे हरे और सुनहरे रंगों के विंटेज टोन में डिजाइन किया गया है। फिल्म के प्रमोशनल अभियान में इस बार विक्की का लुक पहले के मुकाबले अधिक गहरा और गंभीर नजर आ रहा है। पोस्टर पर लिखा है— “Nazre milengi, lekin hatengi nahin!” यानी “नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं!”

आलिया भट्ट ने विक्की के लुक पर दिया रिएक्शन

विक्की कौशल के फर्स्ट लुक को अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “Vikkk! On fire”। आलिया भट्ट इस फिल्म में विक्की कौशल और रणबीर कपूर के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

पहली बार भंसाली के साथ नजर आएंगे तीनों सितारे

'Love & War' में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार संजय लीला भंसाली के निर्देशन में एक साथ दिखाई देंगे। फिल्म को भंसाली की पिछली कई फिल्मों से अलग एक समकालीन दुनिया पर आधारित बताया जा रहा है। फिल्म का निर्माण सारेगामा कर रहा है। 'Love & War' को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

जनवरी 2027 में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म की दुनिया भर में सिनेमाघरों में रिलीज की तारीख 21 जनवरी 2027 तय की गई है। विक्की कौशल के नए फर्स्ट लुक के सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के किरदारों के अगले लुक और फिल्म के आगे के प्रमोशनल अभियान पर है।