मुंबई: बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का पहला टीजर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया। OTT की दुनिया में लोकप्रियता के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाली 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और फैंस अपने पसंदीदा किरदारों की वापसी को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।

टीजर में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी 'कालीन भैया' के दमदार किरदार में दिखाई दे रहे हैं, जबकि अली फज़ल 'गुड्डू पंडित' और श्वेता त्रिपाठी 'गोलू' के रूप में वापसी कर रही हैं। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत दिव्येंदु की वापसी मानी जा रही है, जो एक बार फिर 'मुन्ना भैया' के किरदार में नजर आएंगे। इस घोषणा ने लंबे समय से 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी को फॉलो कर रहे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

टीजर में कुछ नए चेहरे भी नज़र आए

वर्ष 2018 में शुरू हुई इस चर्चित वेब सीरीज की कहानी अब सिनेमाघरों तक पहुंच रही है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म उसी स्थापित कहानी का हिस्सा होगी, लेकिन इसमें एक ऐसी अनकही कहानी दिखाई जाएगी जिसे बड़े पर्दे के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है। टीजर में कुछ नए चेहरों की भी झलक देखने को मिली है। लोकप्रिय अभिनेता जितेंद्र कुमार 'बबलू पंडित' के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अभिनेता रवि किशन एक नए और दमदार रोल में दिखाई देंगे।

"रवि किशन इस फिल्म में चेरी ऑन द टॉप हैं"

सोशल मीडिया पर फैंस खासतौर पर रवि किशन की एंट्री को लेकर उत्साहित हैं। एक यूजर ने लिखा, "रवि किशन इस फिल्म में चेरी ऑन द टॉप हैं।" वहीं दूसरे प्रशंसक ने लिखा, "रवि किशन ऑन फायर।" निर्माताओं ने फिल्म की घोषणा करते हुए बताया कि 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि इस बार 'भौकाल' पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और दमदार होने वाला है।

 पूर्वांचल से  राजस्थान तक फैला है फिल्म का दायरा

फिल्म की कहानी सीरीज की घटनाओं से पहले के दौर पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें गैंगवार, खूनी संघर्ष और पिता-पुत्र के जटिल रिश्तों को विस्तार से दिखाया जाएगा। कहानी का दायरा पूर्वांचल से आगे बढ़कर राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों तक फैला हुआ नजर आएगा। फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर और सोनल एस चौहान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म 4 सितंबर को होगी सिनेमाघरों में रिलीज

'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म को अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। टीजर के बाद फैंस की उम्मीदें और उत्साह दोनों चरम पर पहुंच गए हैं। अब सभी की निगाहें 4 सितंबर 2026 को होने वाली इसकी सिनेमाघरों में रिलीज पर टिकी हैं।