मुंबई, महाराष्ट्र: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा जल्द ही नए हिंदी कॉमेडी कुकिंग शो 'Maa है Na' को होस्ट करती नजर आएंगी। हिंदी ZEE5 ने रविवार को इस शो की घोषणा की। 10 एपिसोड की इस नॉन-फिक्शन सीरीज में 6 जेन-ज़ी सेलिब्रिटीज अपनी मांओं के साथ नजर आएंगे, जहां कुकिंग चैलेंज, इमोशनल बातचीत और फैमिली बॉन्डिंग का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।

Lil Frodo Productions House द्वारा निर्मित यह शो मॉडर्न जेन-ज़ी लाइफस्टाइल और पारंपरिक मां की समझ के बीच के रिश्ते और टकराव को रसोई के जरिए दिखाएगा। मेकर्स के मुताबिक, शो इस बात को सामने लाएगा कि “जब दो पीढ़ियां एक-दूसरे को सच में समझने की कोशिश करती हैं, तो क्या होता है।”

शो में मां-बेटे और मां-बेटी की जोड़ियां होंगी साथ

शो में मां-बेटे और मां-बेटी की जोड़ियां साथ में खाना बनाते हुए गलतफहमियों, दबाव, प्यार और रिश्तों की गर्माहट को महसूस करेंगी। प्लेटफॉर्म ने रसोई को ऐसी जगह बताया है जहां खाने से ज्यादा यादें, नॉस्टैल्जिया, हंसी, बहस और भावनाएं जन्म लेती हैं।

शो में शामिल होंगे कई जानी-मानी हस्तियां

शो में शामिल प्रतिभागियों में सुनीता आहूजा और उनकी बेटी टीना आहूजा, उर्वशी ढोलकिया और उनके बेटे क्षितिज ढोलकिया, तान्या मित्तल और उनकी मां सुनीता मित्तल, गुल्लू और उनकी मां मुनेश तंवर, शाहिदा अंसारी और उनके भतीजे अफगान, तथा भाग्यश्री ई शर्मा और उनकी मां रिंजू शर्मा शामिल हैं।

जमीन से जोड़कर रखता है मां का रिश्ता

हिंदी ZEE5 की चीफ चैनल ऑफिसर और बिजनेस हेड कावेरी दास ने कहा कि मां का रिश्ता हमेशा इंसान को जमीन से जोड़कर रखता है। उन्होंने कहा कि यह शो जेन-ज़ी की ऊर्जा, हास्य और भागदौड़ को मां की गर्मजोशी और जीवन के अनुभवों के साथ जोड़ता है।

भावनात्मक कहानी दिखाना चाहते हैं शो मेकर्स

वहीं, प्रोड्यूसर्स नीति और प्रीति ने कहा कि वे सिर्फ एक कुकिंग शो नहीं, बल्कि भारतीय परिवारों की भावनात्मक कहानी दिखाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि रसोई अक्सर सबसे सच्ची बातचीत की जगह होती है और शिल्पा शेट्टी इस शो के लिए बिल्कुल परफेक्ट होस्ट हैं। दिल को छू लेने वाले, मजेदार और भावनाओं से भरपूर इस शो 'Maa है Na' की स्ट्रीमिंग जल्द ही हिंदी ZEE5 पर होगी।