हरियाणा: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के सिल्वर मेडल जीतने के बाद अब हरियाणा के सात मुक्केबाज़ अलग-अलग वेट कैटेगरी के फाइनल मुकाबलों में उतरकर देश के लिए पदक जीतने की कोशिश करेंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स में आज भारत के कुल 10 मुक्केबाज़ फाइनल मुकाबलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इनमें 7 मुक्केबाज़ हरियाणा के हैं। ऐसे में पूरे देश की नजरें इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं। फाइनल में उतरने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों में सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), नरेंद्र बेरवाल ( 90 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पंवार (54 किग्रा), जैस्मिन लांबोरिया (57 किग्रा) और प्रिया घनघस (60 किग्रा) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएँ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और देश की पदक तालिका को और ऊपर ले जाएं।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपनी अद्भुत प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से रजत पदक जीतने वाली प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और संघर्ष ने देश को गौरवान्वित किया है। आपकी यह उपलब्धि न केवल आपकी सफलता की कहानी है,… pic.twitter.com/wSPvMTFP4h
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) August 1, 2026
अब बॉक्सिंग रिंग में 7 खिलाड़ियों पर रहेगी नज़र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। फाइनल में पहुंचे इन सात मुक्केबाज़ों से भी शानदार प्रदर्शन और पदक की उम्मीद की जा रही है। इससे पहले हरियाणा के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। नीरज ने जेवलिन थ्रो में 85.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। उनकी उपलब्धि पर भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई देते हुए कहा कि नीरज ने एक बार फिर अपने शानदार खेल से पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है।
ग्लासगो में आयोजित #CWG2026 की पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर 'हरियाणा के लाल' नीरज चोपड़ा को हार्दिक बधाई।नीरज ने एक बार फिर अपने शानदार खेल से पूरे विश्व में हरियाणा का नाम रोशन किया है और भारत का गौरव बढ़ाया है। आपका अद्भुत जज़्बा, अनुशासन और निरंतर… pic.twitter.com/TvLxe0Oncb
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) August 1, 2026
अब बॉक्सिंग रिंग में हरियाणा के सात खिलाड़ियों पर नजर होगी। अगर ये खिलाड़ी अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतने में कामयाब होते हैं, तो भारत की पदक तालिका को बड़ी मजबूती मिल सकती है। हरियाणा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का दम दिखाने के लिए तैयार है।
Add GTC Bharat on Google