नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बुराड़ी और आनंद विहार स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) केंद्रों पर इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीन प्रमुख ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन हर साल करीब 2.5 लाख व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुराड़ी में दिल्ली के तीसरे प्रमुख ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन करते हुए इसे व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच को व्यवस्थित करने और राजधानी में प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि महज डेढ़ साल के भीतर तीसरे बड़े ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का शुरू होना दिल्ली के परिवहन ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव है। यह केंद्र दिल्ली के व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच करने के साथ फिटनेस प्रमाणपत्र भी जारी करेगा।

अकेले बुराड़ी में सालाना 1 लाख वाहनों की जांच

मुख्यमंत्री ने बताया कि बुराड़ी का ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन हर साल करीब एक लाख व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच कर सकेगा। उन्होंने कहा कि बुराड़ी, नंद नगरी और तेहखंड स्थित तीनों ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन मिलकर हर साल करीब 2.5 लाख व्यावसायिक वाहनों की जांच करेंगे। सरकार का कहना है कि वाहनों की फिटनेस जांच की प्रक्रिया बेहतर होने से सड़कों पर चलने वाले अनुपयुक्त और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर निगरानी मजबूत होगी।

दिल्ली में तीन ATS, जल्द खुलेगा चौथा केंद्र

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी में फिलहाल तेहखंड, नंद नगरी और बुराड़ी में तीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन हैं। उन्होंने बुराड़ी केंद्र को देश के बड़े और आधुनिक स्वचालित परीक्षण केंद्रों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि बुराड़ी केंद्र में हर साल लगभग एक लाख वाहनों की जांच की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि झुलझुली में चौथा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन अगले एक से डेढ़ महीने में शुरू होने की उम्मीद है।

परिवहन प्रदूषण कम करने पर जोर

पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन वाहनों की फिटनेस जांच को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद करेंगे। इससे परिवहन क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने और दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वाहनों की नियमित फिटनेस जांच से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि सड़कों पर चलने वाले व्यावसायिक वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।

छठ से पहले दिल्ली-बिहार बस सेवा शुरू करने की तैयारी

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली और बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छठ पर्व से पहले दिल्ली से बिहार के लिए बसें चलाने की योजना है। इसके लिए बिहार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। शुरुआत में चार बसें चलाने की योजना है और यात्रियों की मांग के आधार पर इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।

बुराड़ी में सड़क और ISBT विस्तार की योजना

कार्यक्रम में शामिल भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बुराड़ी क्षेत्र में चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलाके में करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से 100 फुट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद क्षेत्र में अन्य लेन विकसित करने की योजना है। मनोज तिवारी ने यह भी बताया कि क्षेत्र में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) को स्थानांतरित करने और उसका विस्तार करने की योजनाओं पर काम चल रहा है। उनके अनुसार, इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने और दिल्ली के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।