नई दिल्ली, भारत: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को घोषणा की कि राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) और स्टार्टअप्स को 10 करोड़ रुपये तक का बिना गारंटी लोन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इन ऋणों के लिए दिल्ली सरकार स्वयं गारंटर बनेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह घोषणा दो दिवसीय ‘मेगा सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) मेला-2026’ के उद्घाटन समारोह के दौरान की।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को बड़ा बाजार दिलाने के लिए मॉल और बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में नियमित रूप से उपयुक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी।

मेले में मिलेगी महिला सशक्तिकरण की झलक

दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ का विजन देश के सामने रख रहे हैं। यह मेला महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और उन्हें बाजार से जोड़ने का मजबूत प्रयास है।

बड़ी संख्या में होगी महिलाओं की भागीदारी

इस कार्यक्रम में सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक कुलवंत राणा, उत्तर-पश्चिम जिला मजिस्ट्रेट सौम्या सौरभ, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की महिलाएं घर पर रहकर छोटे उद्योगों और हस्तनिर्मित उत्पादों के जरिए न केवल परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “लोग अक्सर विदेशी ब्रांड्स की ओर आकर्षित होते हैं, जबकि भारत में बने हस्तशिल्प, खादी, घरेलू उत्पाद और हस्तनिर्मित सामान गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं। जरूरत केवल बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग की है।”

भारत, हर क्षेत्र में बन रहा है आत्मनिर्भर

रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत आज रक्षा, अंतरिक्ष, कृषि और विनिर्माण सहित हर क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है और भारतीय उत्पाद दुनिया भर में निर्यात हो रहे हैं। ऐसे में महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे घरेलू और हस्तनिर्मित उत्पादों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की आवश्यकता है।

उन्होंने लोगों से विदेशी वस्तुओं की जगह स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों के अधिक उपयोग की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि राजधानी की हर महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े, अपने उत्पाद तैयार करे और उन्हें बाजार तक पहुंचाए। सरकार बैंकों के जरिए महिलाओं को आसान ऋण उपलब्ध कराने के प्रयास भी कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की अपीलों का किया ज़िक्र

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील की है। इसी दिशा में दिल्ली सरकार ‘मंडे मेट्रो’ और ‘नो व्हीकल डे’ जैसे अभियानों को बढ़ावा दे रही है ताकि ईंधन की बचत हो और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बने।

उन्होंने कहा कि यदि लोग अपनी दैनिक दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव करें, तो इसका सीधा लाभ देश को मिलेगा। इस दो दिवसीय ‘मेगा SHG मेला-2026’ में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। मेले में हस्तशिल्प, क्रोशिया कार्य, खादी, घरेलू सामान, खाद्य उत्पाद और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री की गई।

 ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ मुहिम से हस्तशिल्प को बढ़ावा

उत्तर-पश्चिम जिले की ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ पहल के तहत विशेष रूप से हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।