नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी के बाद राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग (IMD) ने क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए खराब मौसम और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
दिल्ली में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। IMD के अनुसार, राजधानी में वर्तमान तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं के कारण व्यापक बारिश हो रही है। इसी वजह से दिल्ली समेत कई राज्यों में मध्यम से भारी वर्षा और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तर हरियाणा के ऊपर स्थित है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके चलते बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
#WATCH | Delhi: IMD scientist Naresh Kumar said, "For the past few days, there have been continuous weather changes in North-West India due to Western Disturbance… Today, due to a Western Disturbance over North Pakistan, there is an Orange alert in Punjab, Haryana, and… pic.twitter.com/dIwY7UPkQG
— ANI (@ANI) June 15, 2026
मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क और सावधानी बरतने की दी सलाह
IMD ने यह भी कहा है कि आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि कुछ इलाकों में जलभराव की भी खबरें सामने आई हैं। हालांकि, लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस बारिश ने राजधानीवासियों को बड़ी राहत दी है।
Add GTC Bharat on Google